आशीष कुमार साहू रिपोर्टर मस्तूरी बिलासपुर

(बिलासपुर-मस्तूरी) विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, बेलद पसरदा (मस्तूरी) में पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विविध रचनात्मक और शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा उन्हें हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।

विद्यालय की प्राचार्या श्वेता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर निर्माण, चित्रकला, कविता लेखन एवं वाचन, स्लोगन लेखन, समीक्षात्मक लेखन, सोशल मीडिया जागरूकता अभियान और पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में भी पौधारोपण करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में राघव सिंह ठाकुर, सूरदेव सिंह ठाकुर, आयुषी गुप्ता, मान्या श्रीवास्तव, हेजल पटेल, वर्षिका यादव, प्रियाश्री राय एवं आंचल यादव सहित अनेक विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सराहना प्राप्त की।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प लिया तथा विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया।